भारत भूमि (सम्पादक – प्रदीप टिक्यानी)
भारत भूमि (अजमेर) : श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ की लंबे समय से चली आ रही मांगों को मानते हुए केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण वस्तुओं पर जीएसटी दरें कम कर दी हैं, जिससे व्यापारियों और आम जनता को बड़ी राहत मिली है। इस कदम के लिए महासंघ ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है।
महासंघ के संस्थापक और महासचिव रमेश लालवानी ने बताया कि वे कई सालों से कपड़ा, फुटवियर, खाद्य सामग्री और बीमा पर जीएसटी खत्म करने की मांग कर रहे थे। इसी संदर्भ में, महासंघ ने 25 फरवरी 2025 को अजमेर में केंद्रीय भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यन्त गौतम से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा था।
मांगें हुईं पूरी
सरकार ने कुछ वस्तुओं पर जीएसटी दरें कम करके व्यापारियों की मांगों को सुना है। जिन वस्तुओं पर जीएसटी कम किया गया है, उनमें शामिल हैं:
ऑटोमोबाइल सामग्री: 28% से घटाकर 18%।
टेस्टिंग किट और स्ट्रिप्स: 12% से घटाकर 5%।
ट्रैक्टर के टायर और पार्ट्स: 18% से घटाकर 5%।
महासंघ के उपाध्यक्ष किशन पारीक ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत अत्यधिक ब्याज दरों (12.25%) को कम करने की भी मांग की थी, ताकि व्यापारियों को व्यवसाय चलाने में आसानी हो।
श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ के अध्यक्ष महेंद्र बंसल और महासचिव रमेश लालवानी सहित कई पदाधिकारियों ने सरकार के इस कदम की सराहना की है। उनका मानना है कि जीएसटी में यह कटौती व्यापार जगत को गति देगी और उपभोक्ताओं के लिए भी चीजें सस्ती होंगी।
