भारत भूमि (अजमेर) : राजस्थान में लगातार हो रही बारिश से बीसलपुर बांध में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है। पानी की बढ़ती आवक के कारण अधिकारियों को बीसलपुर बांध के 6 गेट खोलने पड़े हैं।
डेढ़ घंटे के भीतर पानी का प्रवाह और बढ़ गया, जिसके चलते दो गेटों को 2-2 मीटर और बाकी चार गेटों को 1-1 मीटर तक खोलना पड़ा। बांध से कुल 48,080 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, ताकि बांध की पूरी क्षमता 315.50 आरएल मीटर बनी रहे।
बीसलपुर बांध के जलग्रहण क्षेत्र में गुरुवार को भी बादल छाए रहे और कई जगहों पर हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। 24 जुलाई को बांध के पूरी तरह भर जाने के बाद सबसे पहले एक गेट खोला गया था। तीसरे ही दिन पानी की आवक बढ़ने के कारण छह गेट खोल दिए गए थे, लेकिन बाद में आवक कम होने पर पांच गेट बंद कर दिए गए थे।
दस दिन पहले भी भारी बारिश के कारण छह गेटों से पानी छोड़ा गया था। इसके बाद कुछ दिनों तक केवल दो गेटों से ही पानी छोड़ा जा रहा था। सोमवार रात को फिर से पानी का प्रवाह बढ़ने लगा, जिसके कारण छह गेट 1-1 मीटर तक खोलने पड़े। बुधवार को आवक कुछ कम होने पर गेटों को थोड़ा बंद किया गया, लेकिन गुरुवार को फिर से तेज प्रवाह के कारण डेढ़-डेढ़ घंटे के अंतराल पर दो बार पानी की निकासी बढ़ानी पड़ी।
