सम्राट पृथ्वीराज चौहान तारागढ़ पहाड़ी स्थित चामुंडा माता मंदिर में नवरात्रि महोत्सव, शोभायात्रा और महाआरती में श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
भारत भूमि (सम्पादक – प्रदीप टिक्यानी) अजमेर : सम्राट पृथ्वीराज चौहान तारागढ़ पहाड़ी स्थित माता चामुंडा मंदिर में नवरात्रा महोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव से मनाया जा रहा है। प्रतिदिन मां की आरती एवं पूजन हो रहे हैं। रविवार को मॉर्निंग वॉक करने वाले कार्यक्रम संयोजक सरदार जरनैल सिंह के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने महाआरती पूजन में भाग लिया। चंद्रवरदाई नगर, हरिओम कॉलोनी, सियाराम नगर, अजय नगर, रामगंज, सुभाष नगर सहित कई कॉलोनियों और बाजारों से व्यापारीगण, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। श्रद्धालुजन डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्मारक पहुंचे और वहां से शोभायात्रा गढ़बीठली महादेव मंदिर होकर चामुंडा माता मंदिर तक निकाली। मंदिर पहुंचकर ध्वज पूजन, हवन और महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ के संस्थापक एवं महासचिव रमेश लालवानी, धन्ना सिंह चौहान, तरुण वर्मा, राकेश कुमार सहित अनेक श्रद्धालुओं ने मां से सबकी खुशहाली और समृद्धि की कामना की। संयोजक सरदार जरनैल सिंह ने बताया कि अष्टमी के अवसर पर मंगलवार, 30 सितंबर को भी विशेष हवन, यज्ञ, कन्या भोज, भंडारे तथा महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
