अजमेर (भारत भूमि) – जिला बार एसोसिएशन अजमेर के वार्षिक चुनाव 2026-27 को लेकर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है, जिसके तहत आगामी 11 दिसंबर को मतदान होगा। शनिवार को आयोजित चुनाव अधिकारियों की बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श के बाद घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 21 नवंबर से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जो 12 दिसंबर तक चलेगी, वहीं कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही अधिवक्ताओं में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव अधिकारी एडवोकेट राजीव भारद्वाज बगरू ने बताया कि इस चुनाव में अध्यक्ष, सचिव, दो उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, पुस्तकालयाध्यक्ष और कार्यकारिणी के 10 सदस्यों के पदों पर निर्वाचन होगा, जिसमें कोषाध्यक्ष का पद तथा कार्यकारिणी के 5 पद महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। मतदान एवं चुनाव से जुड़ी समस्त प्रक्रिया नवीन अधिवक्ता भवन अजमेर के प्रथम तल स्थित मीटिंग हॉल में संपन्न कराई जाएगी। बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी एडवोकेट उरप्रीत सिंह सहित चुनाव अधिकारी राजीव भारद्वाज बगरू, रूपेन्द्र कुमार परिहार, संदीप यादव और संजीव टंडन ने चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों पर चर्चा की।
ब्रेकिंग
