नए चैंबर व व्यवस्थाएं मिलने तक पुराना परिसर खाली नहीं करेंगे वकील, चैंबर्स लॉयर एसोसिएशन की बैठक में फैसला
अजमेर (भारत भूमि) – अजमेर बार एसोसिएशन के पुराने बार हॉल में सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश किशन गुर्जर के संरक्षण तथा वरिष्ठ अधिवक्ता सत्य किशोर सक्सेना की अध्यक्षता में चैंबर्स लॉयर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जब तक नवीन न्यायालय परिसर में प्रस्तावित 275 चैंबरों का निर्माण पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक पुराने जिला न्यायालय परिसर के अधिवक्ता चैंबर खाली नहीं किए जाएंगे। बैठक में जोर देकर कहा गया कि जिन वकीलों को अब तक टेबल-कुर्सी का आवंटन नहीं हुआ है, उनके लिए नए परिसर में बैठने की समुचित व्यवस्था होने तक पुराने परिसर का कब्जा खाली न करवाया जाए, अन्यथा अधिवक्ताओं द्वारा पुरजोर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही नवीन न्यायालय परिसर में पूर्व में आवंटित 78 चैंबरों में किसी भी तरह का हस्तक्षेप पूरी तरह अस्वीकार्य रहेगा। अपनी इन प्रमुख मांगों को लेकर कल एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा राजस्थान हाईकोर्ट के माननीय मुख्य न्यायाधिपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस बैठक को बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के निवर्तमान मनोनीत सदस्य हाजी फय्याज़ उल्ला, अजमेर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजेश टंडन व नरेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व लोक अभियोजक अजय वर्मा, बार काउंसिल प्रत्याशी आशीष राजोरिया, शांति जैन तथा कुलदीप गहलोत ने संबोधित करते हुए अधिवक्ताओं के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
