अजमेर – (भारत भूमि)- माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, चाचियावास में शनिवार को विद्यालय का चतुर्थ वार्षिक पुरस्कार एवं सम्मान समारोह ‘ऋतम्भरा 4.0’ आयोजित किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण ‘समर वीर’ विषय पर आधारित नाट्य मंचन रहा, जिसे दर्शकों ने सराहा। कार्यक्रम में शिक्षा, देशभक्ति, समूह गान, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में आरएएस अधिकारी विक्रम सिंह खिरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का अभिनंदन, प्रधानाचार्य राजीव कुमार मिश्रा द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा सचिव के संबोधन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। महेश शिक्षण संस्थान के चेयरपर्सन गोपाल राठी ने विक्रम सिंह खिरिया को स्मृति चिह्न भेंट किया। शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए भारत गौरव सम्मान एवं राजस्थान सरकार के शिक्षा विभूषण पुरस्कार से सम्मानित गोपाल राठी का विद्यालय की ओर से साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं अन्य क्षेत्रों में उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। शिक्षिका नम्रता तंवर और विद्यार्थी देवेंद्र सिंह को शत-प्रतिशत वार्षिक उपस्थिति के लिए सम्मान मिला, जबकि छात्रा तनिशा चौहान को ‘वर्सेटाइल ऑफ द ईयर’ सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में महेश शिक्षण संस्थान के सचिव अशोक कुमार लखोटिया, कोषाध्यक्ष संजीव मालू, विद्यालय अध्यक्ष सुभाष भट्टड़, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार करवा, सचिव बालमुकुंद माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष पवन झंवर, संयुक्त सचिव श्याम सुंदर माहेश्वरी सहित संस्थान एवं विद्यालय के सदस्य, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। मंच संचालन हिना शर्मा एवं सुमन जैन के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों भव्यश्री रत्नावत और दिव्यांशु चौधरी ने किया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद धन्यवाद प्रस्ताव एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
ब्रेकिंग
