भारत भूमि (सम्पादक – प्रदीप टिक्यानी) : भारत भूमि (अजमेर): गणपति विसर्जन के पावन अवसर पर, ड्रीम होम्स सोसायटी में आज भगवान गणेश को धूमधाम से विदाई दी गई। सुबह से ही सोसाइटी में उत्सव का माहौल था। सुबह भगवान को छप्पन भोग अर्पित कर, आरती की गई, जिसमें विभिन्न प्रकार के व्यंजन और मिठाइयां शामिल थीं। इस प्रसाद को देखकर सभी भक्त मंत्रमुग्ध हो गए। इसके बाद, डीजे की धुन पर, बड़ी संख्या में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों ने ‘गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले गए। इस दौरान सभी ने जमकर डांस किया और खुशी का इजहार किया। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए, विसर्जन की व्यवस्था एक कृत्रिम कुंड में की गई थी, ताकि नदी या तालाबों को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।
रात को हुआ सुन्दर कांड का पाठ
गणेश विसर्जन के बाद, रात को सोसायटी के कम्युनिटी हॉल में एक भक्तिमय सुन्दर कांड पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान सोसाइटी के सभी सदस्य और आस-पास के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सुंदर कांड के दोहे और चौपाइयों का पाठ कर सभी ने भगवान हनुमान का स्मरण किया। पूरा हॉल भक्ति और आध्यात्मिकता से भर गया था। इन धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों ने लोगों में एकता और सौहार्द की भावना को बढ़ाया। सभी सदस्यों के सहयोग से यह आयोजन सफल हो पाया।
