माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, चाचियावास में दहाड़ 3.0 वार्षिक खेलोत्सव, अनुशासन और खेल भावना का अद्भुत संगम
भारत भूमि (सम्पादक – प्रदीप टिक्यानी) अजमेर : माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, चाचियावास में दहाड़ 3.0 वार्षिक खेलोत्सव (खेल दिवस) का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि भूतपूर्व कमांडो भारतीय थल सेना श्रीमान हिम्मत सिंह राठौड़ सहित सचिव बाल मुकुंद माहेश्वरी, संयुक्त सचिव श्याम सुंदर माहेश्वरी, उपाध्यक्ष अशोक लखोटिया एवं ट्रस्टी सदस्य शिव शंकर हेड़ा उपस्थित रहे। अतिथिगण एवं प्राचार्य राजीव कुमार मिश्रा के सान्निध्य में ध्वजारोहण, दीप प्रज्वलन तथा शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर दहाड़ 3.0 के द्वितीय खेल दिवस का शुभारंभ किया गया। विद्यार्थियों के स्वागत गीत और नृत्य ने वातावरण को उल्लासमय बनाया, जिसके पश्चात अनुशासन और एकता का संदेश देते हुए भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा मशाल प्रज्वलन के साथ वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं की औपचारिक शुरुआत की गई। अपने प्रेरक संबोधन में हिम्मत सिंह राठौड़ ने विद्यार्थी जीवन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय के सैन्य सरीखे अनुशासन की सराहना की। द्वितीय दिवस पर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहायक कर्मचारियों की दौड़ों सहित कुल 53 दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, साथ ही मलखंब, ताइक्वांडो एवं कराटे के आकर्षक प्रदर्शन भी हुए, जिनमें खिलाड़ियों ने कौशल और शक्ति का शानदार परिचय दिया। संगम सदन, सिंधु सदन, संस्कृति सदन और संयम सदन के बीच हुई प्रतिस्पर्धा में संगम सदन ने प्रथम, सिंधु सदन ने द्वितीय तथा संयम सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। खेल समारोह का सफल संचालन एवं रेफरी दायित्व शारीरिक शिक्षक दिनेश झांकल ने निभाया, जबकि मंच संचालन शिक्षिकाएं मेघा शर्मा एवं उर्वशी कच्छावा ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।
