राजस्थानी संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम: नांद में तीन दिवसीय ‘भुवासा जीजा भाणजी बाईसा स्नेह मिलन समारोह’ का भव्य आगाज
अजमेर (भारत भूमि) – ग्राम पंचायत नांद स्थित श्री राजपूत सभा भवन में शुक्रवार को गोविंदासोत जोधा परिवार की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ऐतिहासिक भुवासा जीजा भाणजी बाईसा स्नेह मिलन समारोह का ढोल-नगाड़ों, कच्ची घोड़ी नृत्य और अपार उत्साह के साथ भव्य आगाज हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार की पूर्व कैबिनेट मंत्री शकुंतला रावत और पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत ने शिरकत कर बहन-बेटियों का हौंसला बढ़ाया, जहां पूर्व मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति को जीवित रखते हैं, वहीं पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत ने इसे पुरानी परंपराओं को जगाने और समाज में जागरूकता फैलाने वाला अनूठा प्रयास बताया। आयोजन समिति के सदस्य एवं पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने बताया कि 23 अगस्त तक चलने वाले इस ऐतिहासिक संगम में पूरे राजस्थान से परिवार की लगभग 1500 बहन-बेटियों को आमंत्रित किया गया है, जिसके पहले दिन ग्राम भ्रमण कराकर नंदराय माता मंदिर व ठाकुर जी मंदिर के दर्शन कराए गए और तत्पश्चात सभा भवन में स्वागत कर सभी ने आपस में परिचय किया व बचपन के खेलकूद तथा पारंपरिक राजस्थानी नृत्य जैसी सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद उठाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र राठौड़ ने बहनों से नांद की पवित्र मिट्टी को अपने साथ ले जाकर घर के मंदिर में रखने का आह्वान किया, जिससे सुख-समृद्धि आए, और साथ ही पौराणिक संदर्भ देते हुए बताया कि पुष्कर तीर्थ स्नान के बाद नांद की नंदा सरस्वती नदी में स्नान से ही संपूर्ण तीर्थ यात्रा पूर्ण मानी जाती है। समारोह के दूसरे दिन 22 अगस्त को राम मंदिर, ककड़ेश्वर-मकडेश्वर मंदिर तथा पुष्कर के बैकुंठ मंदिर के दर्शन और शाम को रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसके शुभारंभ अवसर पर बिरजू सिंह राठौड़, लक्ष्मण सिंह फौजी, दयाल सिंह, नरेंद्र सिंह जोधा, नाहर सिंह पाटवी, गजेंद्र सिंह जेलदार, नाथु सिंह और ज्ञानेंद्र सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे तथा मंच संचालन भवानी सिंह राठौड़ ने किया।
