विधानसभा अध्यक्ष देवनानी की पहल पर अजमेर को बड़ी सौगात, 6.82 करोड़ से चामुंडा तिराहे से वरुण सागर तक सड़क होगी चौड़ी
भारत भूमि (सम्पादक – प्रदीप टिक्यानी) अजमेर : विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के प्रयासों से अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार आगे बढ़ रही है, जिसके तहत अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा चामुंडा तिराहे से वरुण सागर गेट तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य स्वीकृत कर क्षेत्रवासियों को एक और महत्वपूर्ण सौगात दी गई है। लगभग 6.82 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के अंतर्गत करीब 2 किलोमीटर लंबी एवं 18 मीटर चौड़ी उच्च गुणवत्ता की डामर सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिसमें आधुनिक सुविधाओं को शामिल करते हुए सड़क के दोनों ओर आरसीसी ड्रेनेज प्रणाली, दो बड़े बॉक्स कलवर्ट (पुलियों) का निर्माण और दोनों तरफ विद्युत प्रकाश व्यवस्था हेतु लाइट पोल लगाए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि वरुण सागर से खरकड़ी-अजयसर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य पहले से ही प्रगति पर है, ऐसे में चामुंडा तिराहे से वरुण सागर तक का यह नया कार्य पूर्ण होने के बाद अजमेर से पुष्कर तक आवागमन और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं तेज़ हो जाएगा जिससे स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को विशेष सुविधा मिलेगी। इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सड़क, पेयजल, विद्युत एवं अन्य नागरिक सुविधाओं जैसी आधारभूत संरचनाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है ताकि लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें, वहीं दूसरी ओर क्षेत्रवासियों ने भी इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति पर विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।
