नसीराबाद (योगेन्द्र बुलचन्दानी )आज छावनी परिषद नसीराबाद द्वारा संचालित विशेष योग्य जन बच्चों के स्कूल “उड़ान स्पेशल चिल्ड्रन स्कूल,” हनुमान चौक नसीराबाद में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। उड़ान स्कूल में जन्माष्टमी पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में विशेष योग्य जन बच्चों और उनके अभिभावकों नेभी उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को भक्तिमय वातावरण में मनाया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री कृष्ण एवं लड्डू गोपाल जी की विधिवत पूजा-अर्चना से किया गया। दीप प्रज्वलित कर भगवान श्री कृष्ण को तिलक लगाया गया तथा पूजा-अर्चना एवं आराधना की गई। इसके साथ ही विद्यालय में दही हांडी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ सहभागिता की।जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय के बच्चों एवं स्टाफ द्वारा राधा-कृष्ण की सुंदर एवं मनमोहक झांकी सजाई गई। झांकी ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों के उत्साह और खुशी से विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।यह कार्यक्रम छावनी परिषद नसीराबाद के मुख्य अधिशासी अधिकारी मोहम्मद साकिब आलम के निर्देशानुसार सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ना तथा उनमें सहभागिता, आत्मविश्वास, सामाजिक भावना एवं खुशी का विकास करना रहा।इस अवसर पर सेंटर इंचार्ज आकाश जैदिया, विशेष शिक्षक भीमराज सुमन, विशेष शिक्षिका कृष्णा शर्मा, डॉ. लक्षिका सनाढ्य सहित विद्यालय का स्टाफ एवं अन्य उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण भक्ति, प्रेम, उमंग और उल्लास से भर गया। अंत में विद्यालय परिवार ने भगवान श्री कृष्ण से सभी विशेष बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
