अजमेर टावर की सुरक्षा को लेकर व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन, ड्रेनेज पानी मंदिर पर गिरने व अग्निशमन सहित मूलभूत सुविधाओं पर जताई चिंता
भारत भूमि (सम्पादक – प्रदीप टिक्यानी) अजमेर : श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ की अगुवाई में अजमेर टावर के व्यापारियों ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम से टावर की सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों ने जिलाधीश लोक बंधु व नगर निगम आयुक्त देसल दान चारण को ज्ञापन सौंपकर बताया कि अजमेर टावर भवन में सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं की गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अजमेर टावर में स्थापित दुर्गा माता मंदिर पर ड्रेनेज का गंदा पानी गिर रहा है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में कहा गया कि अजमेर टावर के करीब 80 व्यापारिक प्रतिष्ठान कार्यरत हैं, जहां महिला कर्मचारी भी कार्यरत हैं, लेकिन महिलाओं के लिए शौचालय व यूरिनल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। साथ ही स्वच्छ पेयजल, साफ हवा, उचित ड्रेनेज सिस्टम व अग्निशमन साधनों की भारी कमी है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इन खामियों को दूर नहीं किया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। महासंघ के मुख्य संरक्षक व अजमेर टावर अध्यक्ष कालीचरण दास खंडेलवाल, महासंघ के संस्थापक व महासचिव रमेश लालवानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि टावर के ड्रेनेज सिस्टम से पूर्व में शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। साथ ही टावर में दैनिक पंजाब केसरी सहित कई प्रतिष्ठित कार्यालय भी संचालित होते हैं। ज्ञापन देने वालों में महासंघ अध्यक्ष महेंद्र बंसल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र मूरजानी, उपाध्यक्ष किशोर टेकवानी, किशन पारीक, अनिल आडवाणी, सुरेश तंबोली, ठाकुर प्रसाद, आशीष शर्मा, राम अवतार शर्मा, रणवीर सैनी, देवेंद्र जादम, मनजीत सिंह सलूजा, नरेंद्र कुमार खंडेलवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अजमेर टावर की उच्च स्तरीय सुरक्षा जांच कर तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, ताकि हजारों की संख्या में आने वाले ग्राहकों, दुकानदारों और कर्मचारियों की जान व माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
